CHHAPRA DESK- सारण जिला के मांझी थानान्तर्गत वाहन जांच के क्रम में पशु तस्करी के विरुद्ध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलान्तर्गत विधि-व्यवस्था संधारण एवं अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत नियमित गश्ती एवं विशेष वाहन जांच अभियान के क्रम में मांझी थाना पुलिस द्वारा मांझी बाजार स्थित पुराने थाना के समीप सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. वाहन जांच के दौरान एक पिकअप वाहन को आते देख, पुलिस बल द्वारा रुकने का संकेत दिया गया. पुलिस को देखकर चालक द्वारा वाहन लेकर भागने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस बल के सहयोग से तत्परता से रोककर पकड़ लिया गया. जिसके बाद पुलिस ने पिकअप वैन सहित पांच मवेशियों को जब्त किया है. उस दौरान दोनों तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जो कि बलिया जिला के शेखपुरा थाना अंतर्गत पचखोड़ा गांव निवासी जयप्रकाश राम का पुत्र अमित राम एवं मनियर थाना क्षेत्र के बाड़ा गांव निवासी विजय शंकर यादव का पुत्र सतीश कुमार यादव बताये गये हैं. मवेशियों के संबंध में वैध क्रय-विक्रय / परिवहन संबंधी कागजात की मांग किए जाने पर दोनों अभियुक्तों द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया. तत्पश्चात दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए इस संबंध में मांझी थाना कांड संख्या-464/26 दर्ज कर अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है.


