GAYA DESK - गयाजी पुलिस ने हथियार के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. जिसके पास से अवैध पिस्टल और 7 कारतूस बरामद हुए हैं. वहीं, 2 लोग पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए. ग्रामीण एसपी ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली कि नीमचक बथानी क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोग किसी वारदात की साजिश रच रहे हैं. सूचना पर टीम गठित कर घेराबंदी की गई. पुलिस को देखते ही तीनों संदिग्ध भागने लगे. जवानों ने पीछा कर एक अपराधी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए. मामला नीमचक बथानी थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी ग्रामीण दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था, इसे किस उद्देश्य से रखा गया था और इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया गया है या नहीं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित अपराधी गिरोह से जुड़ा है या उसकी अन्य आपराधिक मामलों में भी संलिप्तता रही है. एसपी ग्रामीण ने पुष्टि की कि फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.