CHHAPRA DESK - छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत शेखटोली फिदर बाजार मोहल्ला से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां पत्नी ने पति की चाकू घोंपकर हत्या कर दी है. इस आरोप के बाद पुलिस ने पत्नी जमीला खातुन को हिरासत में ले रखा है और पूछताछ जारी है. वहीं इस घटना के बाद घर परिवार में चीख-पुकार मच गई. वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां समाचार प्रेषण तक शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की प्रक्रिया जारी थी. मृत युवक की पहचान शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत शेखटोली फिदर बाजार मोहल्ला निवासी स्वर्गीय मनीर का 32 वर्षीय पुत्र वकार युनुस उर्फ सोनू बताया गया है. जो गुदरी बाजार में फल बेचा करता था. इस घटना के बाद मोहल्ले में चर्चा का विषय बन गया है और मोहल्लेवासियों के अनुसार पति-पत्नी के बीच झगड़े में पत्नी के द्वारा उसे चाकू घोंपा गया है जिसके कारण उसकी मौत हुई है.
प्रेम विवाह के बाद घर छोड़कर किराए के मकान में रहता था सोनू
बताते चलें कि वकार युनुस उर्फ सोनू भगवान बाजार थाना क्षेत्र के शेखटोली का मूल निवासी है. जिसके परिवार के अन्य सदस्य पुराने घर में रहते हैं, जबकि प्रेम विवाह के बाद वह घर छोड़कर उसी मोहल्ला में किराए के मकान में पत्नी व बच्चों के साथ रहता था. उसे एक पुत्र व चार पुत्रियां हैं. उसकी पत्नी जमीला खातुन के द्वारा सफाई में पति के द्वारा खुद चाकू घोंपे जाने की बात बताई जा रही है. लेकिन, फिलहाल पुलिस ने उसे हिरासत में ले रखा है, जिससे पूछताछ की जा रही है. हिरासत में ली गई जमीला खातुन शहर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महाराजगंज की रहने वाली बताई गई है. समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी.


