SIWAN/ CHHAPRA DESK - बिहार के सिवान जिला में बीते 25 जुलाई को प्रोटेस्ट के दौरान छत्रों पर एके-47 से की गई फायरिंग के विरोध में आज आइसा और RYA के आह्वान पर छात्र व युवाओं ने आज शहर में विरोध मार्च निकाला. प्रदर्शन में सिवान के अलावा छपरा से भी छात्र संगठन के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने 25 जुलाई की घटना की जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, सिवान डीएम-एसपी की बर्खास्तगी और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को समाप्त करने की मांग उठाई. इससे पूर्व आइसा और RYA के कार्यकर्ता अंबेडकर पार्क में जुटे, जहां से हाथों में तख्तियां लेकर विरोध मार्च शुरू हुआ. प्रदर्शनकारी जेपी चौक होते हुए बबुनिया मोड़ पहुंचे और फिर वापस अंबेडकर पार्क लौटे, जहां मार्च सभा में तब्दील हो गया.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सिवान डीएम - एसपी को बर्खास्त करो, NTA को समाप्त करो और पेपर लीक के दोषियों पर कार्रवाई करो जैसे नारे लगाते रहे. इस प्रदर्शन के दौरान सबसे अलग तस्वीर पुलिस और प्रशासन की भारी सुरक्षा व्यवस्था दिखी. प्रदर्शनकारियों की संख्या से कई गुना अधिक पुलिस पदाधिकारी, जवान और मजिस्ट्रेट पूरे मार्च रूट पर तैनात नजर आए. प्रोटेस्ट के आगे और पीछे पुलिस बल की बड़ी टुकड़ी चलती रही, जबकि प्रदर्शनकारियों के बीच भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और मजिस्ट्रेट मौजूद रहे. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील माने जाने वाले स्थानों पर भी मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई थी. सुरक्षा में तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान पूरे बॉडी प्रोटेक्टर के साथ दिखाई दिए. 25 जुलाई की घटना के बाद मंगलवार के प्रदर्शन में प्रशासन की यह व्यापक सुरक्षा व्यवस्था खास तौर पर चर्चा में रही.


