PATNA DESK - बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाए जाने का निर्देश दिल्ली हाईकोर्ट ने केन्द्र सरकार को दिया है. जस्टिस मनोज जैन ने पप्पू यादव की याचिका पर सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार को निर्देश दिए हैं. सुनवाई के दौरान पप्पू यादव के वकील शादान फरासत ने कहा कि सांसद ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में संसद के बाहर एक नाटक किया था. तब से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. सुरक्षा बढ़ाने को लेकर केन्द्र से गुजारिश की गई है. इस पर केंद्र सरकार की ओर से पेश वकील आशीष दीक्षित ने बताया सुरक्षा बढ़ाने को लेकर दिए गए उनके प्रतिवेदन पर सरकार विचार कर रही है. इस दलील पर कोर्ट ने कहा कि " ये महत्वपूर्ण है. पप्पू यादव एक सांसद हैं। केंद्र सरकार उनकी सुरक्षा बढ़ाए। आप ये नहीं कह सकते हैं कि हमला मनगढ़ंत है.

बिहार में पप्पू यादव के मिली है वाई प्लस की सुरक्षा

पप्पू यादव ने याचिका दायर कर कहा है कि उनकी सुरक्षा का आकलन कर पूरे देश में उनकी सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश देना चाहिए. फिलहाल पप्पू यादव को बिहार में वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है. यादव ने याचिका में कहा है कि धमकियां मिलने के बाद उन्होंने पूरे देश में सुरक्षा बढ़ाने के लिए लिखित प्रतिवेदन भेजा, लेकिन गृह मंत्रालय ने उनकी सुरक्षा पर कोई फैसला नहीं किया. ऐसा करना संविधान के अनुच्छेद 21 का खुला उल्लंघन है.