CHHAPRA/ SIWAN DESK - बिहार के सिवान जिला अंतर्गत मैरवा थाना क्षेत्र से ₹5.45 लाख के जाली भारतीय नोट बरामद कर पुलिस ने गिरोह की एक महिला सहित दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आज मैरवा थाना पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडितपुरा ग्राम में एक गिरोह द्वारा एक घर में जाली भारतीय मुद्रा छापने एवं उसके कारोबार का संचालन किया जा रहा है. उक्त सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सिवान द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-02, मैरवा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संदर्भित स्थल पर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान एक महिला के घर की विधिसम्मत तलाशी ली गई. तलाशी के क्रम में उक्त घर से भारी मात्रा में Low Quality जाली भारतीय मुद्रा बरामद की गई. बरामद जाली नोटों में 500 रू का 750 नोट कुल-3,75000 रू, 200 रू का 150 नोट कुल 30,000 रू एवं 100 रू का 1400 नोट कुल-1,40000 रू तीनों मिलाकर कुल ₹5,45,000 (पांच लाख पैंतालीस हजार रुपये) के जाली नोट तथा 88,000 की नकद राशि बरामद की गई. जिसके अतिरिक्त मौके से जाली भारतीय नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर मशीन एवं अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद की गई. बरामद जाली भारतीय मुद्रा एवं अन्य जब्त सामग्री का विधि विज्ञान की टीम तथा लीड बैंक मैनेजर द्वारा सत्यापन कराया गया। जांच में प्रथम दृष्टया बरामद मुद्रा Low Quality जाली भारतीय नोट होने की पुष्टि की गई हैपूछताछ के दौरान गिरफ्तार महिला अभियुक्त ने बताया कि वह अपने भाई मनु दुबे, पिता-श्रीराम दुबे, साकिन-लदी, थाना-गोरेयाकोठी, जिला सिवान एवं पति राजकुमार दुबे, पिता-स्व० बाबूनंद दुबे, साकिन-नेपुरा, थाना-दरौली, जिला सिवान के साथ मिलकर जाली भारतीय मुद्रा के निर्माण एवं वितरण के अवैध कारोबार में संलिप्त थी. प्राप्त जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है. इस संबंध में मैरवा थाना में कांड दर्ज कर अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है विदित हो कि महिला पूर्व में रसुलपुर थाना कांड सं0-128/18 में जाली नोट के सप्लाई में जेल जा चुकी है. इनके विरूद्ध अन्य आपराधिक इतिहास ज्ञात किया जा रहा है. इसके अतिरिक्त महिला का पति राजकुमार दुबे मुफ्फसिल थाना कांड सं0-785/22 में जाली नोट के सप्लाई में जेल जा चुका है. इनके खिलाफ भगवानबाजार थाना कांड सं0-200/21, बनियापुर थाना कांड सं0-136/21, मढ़ौरा थाना कांड सं0-289/23, मैरवा थाना कांड सं0-375/25, गोरेयाकोठी थाना कांड सं0-222/18, जीबी नगर थाना कांड सं0-275/20, दर्ज है. छापेमारी टीम में मैरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 गौरी कुमारी, आंचल पुलिस निरीक्षक रत्नेश कुमार वर्मा, मैरवा थाना अध्यक्ष राहुल कुमार एवं थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
₹5.45 लाख के जाली नोट बरामद; एक महिला समेत दो गिरफ्तार ; प्रिंटर जब्त


