CHHAPRA DESK- छपरा सदर अस्पताल में बीती रात चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए सिविल सर्जन कार्यालय के समीप स्थित ड्रग ऑफिस एवं एक अन्य स्वास्थ्य विभाग के तीन एसी आउटलेट से कॉपर वायर को काट लिया और चोरी के बाद आसानी से फरार हो गए. चोर छत के रास्ते संबंधित विभागों में दाखिल हुए और वहां लगे एसी के कॉपर वायर काटकर ले गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. वही 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने सिविल सर्जन कार्यालय के समीप स्थित भवन में सीढी घर के करकट को तोड़कर प्रवेश किया और ड्रग ऑफिस सहित अन्य विभागों में लगे एसी के कॉपर वायर को काट लिया. हालांकि कर उन विभागों के दरवाजे को नहीं तोड़े हैं जिसके कारण कंप्यूटर व अन्य सामान बच गया है. वहीं घटना के बाद अस्पताल कर्मियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता है. बताया जाता है कि सदर अस्पताल परिसर के एनआरसी केंद्र से लेकर कई हिस्सों में रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं रहती है. अंधेरा होने के कारण अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की आशंका बनी रहती है. वहीं अस्पताल का बाउंड्री टूटे होने के कारण नशेड़ी पीछे के रास्ते प्रवेश करते हैं और नशा करने के बाद चोरी की घटना को अंजाम देते हैं. वहीं, कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी प्रभावी नहीं होने की बात सामने आ रही है. ऐसे में अस्पताल परिसर में चोरी की घटनाएं पहले भी होती रही हैं. इस संबंध में भगवान बाजार थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर अभी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
सदर अस्पताल में फिर चोरों ने काट लिया तीन एसी का कॉपर वायर ; हो रहा स्मैकियों का जमावड़ा

