CHHAPRA DESK - छपरा शहर में लगातार हो रही बड़ी चोरियों के कारण लोगों में दहशत का माहौल बनता जा रहा है. पहली वारदात शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत योगिनिया कोठी इलाके में हुई, जहां महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के भतीजे की दवा दुकान का शटर तोड़कर 2.67 लाख रुपये से अधिक नकद चोरी कर लिया गया. जबकि दूसरी घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक घर से करीब 5 लाख रुपये के गहने और नकदी गायब मिली. शहर के योगिनिया कोठी में ‘मां कल्याणी मेडिकल हॉल’ के मालिक रितेश कुमार सिंह की दुकान को देर रात करीब 2:50 बजे निशाना बनाया गया. चोर शटर तोड़कर अंदर घुसा और गल्ले से 2,67,500 रुपये निकालकर फरार हो गया. यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है. पीड़ित ने नगर थाना में चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. वहीं पुलिस ने फुटेज जब्त कर पहचान की प्रक्रिया शुरू की है.
दूसरी, चोरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनटोलिया रोड स्थित श्रीहरि कॉलोनी में बीपीएससी हेडमास्टर मिथिलेश कुमार पांडेय के घर में हुई. चोर सीढ़ी के सहारे घर में घुसे. उस दौरान परिवार के सदस्य बरामदे में सो रहे थे. घर से अन्नपूर्णा पांडेय के गहने, 10 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल चोरी होने की शिकायत दी गई है. इस मामले में एसएसपी विनीत कुमार ने कहा कि दोनों मामलों में टीमो को चोरों की जल्द पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं.


