CHHAPRA DESK- छपरा शहर के भगवान बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत थाना रोड स्थित शिव मंदिर की जमीन पर गुमटी रख कब्जा मामले में अंततः विवाद इतना गहराया कि मार पीट कर एक सदस्य को जख्मी कर दिया गया. जिसके बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों के द्वारा उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. वहीं समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी थी. बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य को लेकर विवाद में मंदिर के एक सदस्य के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी किया गया है. जख्मी की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र निवासी स्वर्गीय वीरेंद्र प्रसाद के पुत्र निर्मल कुमार के रूप में हुई है. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मी निर्मल कुमार ने बताया कि शिव मंदिर का नए सिरे से निर्माण कराया जा रहा है. मंदिर परिसर में एक दुकानदार द्वारा कथित रूप से अवैध तरीके से दुकान संचालित की जा रही है, जो निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रही थी. इसी को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि उसी दौरान उनके साथ उस दुकानदार ने परिवार वालों के साथ मिलकर मारपीट की है.. जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के संबंध में जख्मी के फर्द बयान पर भगवान बाजार थाने में आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है.