SIWAN DESK - सिवान पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित आपत्तिजनक, भ्रामक एवं समाज में अशांति उत्पन्न करने वाली पोस्ट डालने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 50 सोशल साइट्स पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है. बता दें कि बीते दिनों सिवान के उजैन बंगरा में घटित मामले में इन सोशल साइट्स के द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट डाली जा रही थी. साइबर थाना को कुछ ऐसे वीडियो एवं पोस्ट की जानकारी प्राप्त हुई. जिनके संबंध में प्रारंभिक जांच एवं सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि उन सोशल मीडिया अकाउंटस से ऐसी सामग्री प्रसारित की जा रही है, जिससे लोक शांति एवं विधि-व्यवस्था भंग करने, जातीय उन्माद फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द भंग करने, सामाज में सामाजिक वैमनस्य फैलाने, एक जाति/समुदाय को दूसरे के विरुद्ध उकसाने, सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने, व्यक्ति विशेष एवं लोक सेवकों को उकसाने तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है. इस संबंध में साइबर थाना द्वारा उपलब्ध सोशल मीडिया लिंक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर साइबर थाना, सिवान कांड संख्या-56/26 बीएनएस एवं 66 आईटी एक्ट दर्ज किया गया है. जांच के दौरान सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले कुछ प्रोफाइल एवं उनसे संबंधित पोस्ट/वीडियो को चिन्हित किया गया और करीब 50 व्यक्तियों का सोशल मीडिया अकाउंट एवं पोस्ट शामिल कर उनपर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. सिवान पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी वीडियो, पोस्ट अथवा संदेश को बिना सत्यापन के शेयर या फॉरवर्ड न करें. सिवान पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखी जा रही है. सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह, भ्रामक सूचना, जातीय / सामाजिक वैमनस्य अथवा विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
सिवान पुलिस ने 50 सोशल साइट्स पर की कार्रवाई ; उजैन बंगरा गांव विवाद में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व भ्रामक पोस्ट डालना पड़ा महंगा


