CHHAPRA DESK- सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिण टोला गांव में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टेंपो से 27 बाल्टी स्प्रिट बरामद की है. बरामद स्प्रिट की कुल मात्रा करीब 405 लीटर बताई गई है. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार और अपर थानाध्यक्ष संपूर्णानंद ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दक्षिण टोला गांव में टेंपो के माध्यम से स्प्रिट की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुअनि राज कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी की. पुलिस टीम के पहुंचते ही अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए. तलाशी के दौरान टेंपो से 27 बाल्टी में रखी कुल 405 लीटर स्प्रिट बरामद की गई. थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार ने बताया कि मौके से फरार धंधेबाजों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने बरामदगी के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. वही अपर थानाध्यक्ष संपूर्णानंद ने कहा कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई को शराबबंदी कानून के अनुपालन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. खासकर टेंपो में इतनी बड़ी मात्रा में स्प्रिट बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्प्रिट कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी. फरार धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है.


