CHHAPRA DESK- छपरा सदर अस्पताल से बीते दिन पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक के परिजन द्वारा ठेले पर रस्सी से शव को बांधकर ले जाने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है. हलचल न्यूज़ द्वारा खबर व वीडियो को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन की तंद्रा टूटी और एंबुलेंस मैनेजर समेत अन्य कर्मियों पर गाज गिरनी भी तय मानी जा रही है. उनपर प्रशासन द्वारा शोकॉज किया गया है. बता दें कि बीते दिन सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के उपरांत शव वाहन नहीं मिलने के कारण परिजन ठेले पर ही शव बांधकर ले जाने के लिए विवश हो गए थे. उस दौरान परिजनों ने बताया कि उन लोगों के द्वारा 102 पर शव वाहन एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं मिल सका. जिसके कारण वे लोग ठेले से शव लेकर जा रहे हैं. मृतक नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर करीमचक मोहल्ला निवासी सुदामा प्रसाद का पुत्र सन्नी कुमार बताया गया. इस खबर व वीडियो को हलचल न्यूज़ पर वायरल होने के बाद अब कार्रवाई शुरू हो गई है. सदर अस्पताल में इतना कुछ व्यवस्था होने के बाद और सुरक्षा गार्ड्स की मौजूदगी में भी ठेले पर रस्सी से शव को बांधकर ले जाने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. अंततः इस मामले में कार्रवाई भी शुरू हो गई है.