CHHAPRA DESK- आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट पंकज चुघ के निर्देश पर आरपीएफ सीआईबी व सीपीडीएस टास्क टीम ने ट्रेनों में यात्रियों से मोबाइल झपटने और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. टीम ने गिरोह के रिसीवर समेत चार शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से चोरी के पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं.

गिरफ्तार आरोपितों में कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के केलाबाड़ी गांव निवासी कृष्णदेव सिंह का पुत्र मोनू कुमार सिंह, भगवान बाजार थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार निवासी गणेश मांझी का पुत्र साहिल, दौलतगंज निवासी कृष्ण दास का पुत्र अमन कुमार तथा शिव बाजार मोहल्ला निवासी कृष्णा चौधरी का पुत्र धर्मेंद्र कुमार चौधरी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र कुमार चौधरी चोरी के मोबाइल का रिसीवर है. सीआईबी प्रभारी संजय कुमार मिश्र और आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि गिरोह के सदस्य छपरा-बलिया और छपरा-सिवान रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाते थे. मौका मिलते ही यात्रियों से मोबाइल झपटकर फरार हो जाते थे. इसके अलावा यात्रियों के बैग और अन्य कीमती सामान भी चोरी किए जाते थे.