CHHAPRA DESK- सारण जिला के नगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटेसर गांव में उर्स मेला के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट के बीच कुर्सियां व डंडे चले, जिसमें दोनों ही पक्ष से करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हुए है. फिलहाल गंभीर रूप से जख्मी एक पक्ष के तीन लोगों का उपचार चल रहा है. घटना के संबंध में बता दे कि स्थानीय थाना क्षेत्र के कटेसर गांव स्थित मखदूम शाह हाजी रतन बाबा के दरगाह पर उर्स मेला का आयोजन किया गया था. मेला के दौरान बीती रात कव्वाली का कार्यक्रम चल रहा था. मध्यरात्रि में दो पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया और देखते ही देखते विवाद के बीच कुर्सियां और डंडे चलने लगे. हालांकि सूचना के बाद पुलिस भी शीघ्र ही मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को शांत कराया. तब तक आधा दर्जन लोग जख्मी हो चुके थे. जख्मी में एक पक्ष से स्थानीय निवासी आलम हुसैन के दो पुत्र 60 वर्षीय परवेज आलम एवं 45 वर्षीय तबरेज आलम तथा परवेज आलम का 28 वर्षीय पुत्र तथा 20 वर्षीय फैजुल्लाह आलम औरंगजेब आलम शामिल है. जबकि दूसरे पक्ष से 31 वर्षीय रहमत आलम, 18 वर्षीय फरहान आदिल एवं 18 वर्षीय गुफरान आलम शामिल है. सभी घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां परवेज, तबरेज और औरंगजेब को बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए रेफर किया गया है. सदर अस्पताल में तबरेज आलम के द्वारा बताया गया कि उर्स मेला के दौरान दरगाह पर कव्वाली का प्रोग्राम चल रहा था. उस बीच दूसरे पक्ष के लोग आकर नाच गाना शुरू कर दिए, जिसको लेकर उन्हें रोकटोक किया गया तो वह लोग मारपीट करने लगे. उस दौरान उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया. जिसके कारण गंभीर जख्म बने हैं. वहीं सदर अस्पताल में उपचार के दौरान किसी धारदार हथियार से प्रहार किए जाने की बात सामने आई है. वही इस मामले में नगरा थाना अध्यक्ष के द्वारा धारदार हथियार का प्रयोग किए जाने की बात का खंडन करते हुए बताया गया कि प्लास्टिक की कुर्सियां थी. टूटने के बाद उससे ही सिर पर और शरीर पर प्रहार किए जाने के कारण गहरे जख्म के निशान बने हैं. उन्होंने बताया कि इस मामले में एक पक्ष से तबरेज आलम तो दूसरे पक्ष से आदिल परवेज की पत्नी रोजी परवेज के द्वारा प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है, जिस पर जांच पड़ताल की जा रही है.