
CHHAPRA DESK – छपरा शहर के नगर थाना क्षेत्र अवस्थित डीएसपी आवास के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति के गले से सोने का चेन झपट लिया और फरार हो गए. घटना आज सुबह की बताई गई है. पीड़ित व्यक्ति नगर थाना क्षेत्र के लाह बाजार निवासी लक्ष्मी नारायण प्रसाद के पुत्र अमित कुमार बताये जाते है.अमित कुमार ने नगर थाने में दिए आवेदन में बताया कि वह रोज की तरह रविवार की सुबह टहलने निकले थे. उसी दौरान जब वह डीएसपी आवास के पास सड़क पर टहल रहे थे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और देखते ही देखते बाइक सवार उचक्कों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली. घटना इतनी अचानक हुई कि पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं मिला. जिसके बाद उन्होंने तुरंत नगर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

वहीं शहर में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से पुलिस की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हों रहे है. सुबह के पहर पुलिस के द्वारा नियमित तौर पर गश्ती की जाती है. लेकिन उचक्के पुलिस को खुली चुनौती देते हुए आए दिन घटना को अंजाम दे रहे हैं. खासकर भगवान बाजार और नगर थाना क्षेत्र में चेन छीनने की वारदातें अधिक सामने आ रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय टहलने निकलना भी अब सुरक्षित नहीं रह गया है. वैसे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.