CHHAPRA DESK – सारण जिला अंतर्गत सोनपुर बाईपास पर दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय थाना क्षेत्र के इस्माइलचक गांव के एक युवक से हथियारबंद बदमाशों ने पिस्टल का भय दिखाकर सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. बताया जाता है कि बीते दिन युवक सोनपुर बाईपास से गुजर रहा था, तभी बदमाशों ने उसे रोक लिया। पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसकी सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके. सोनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़ित की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस का दावा है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है.
