PATNA / MUMBAI - बिहार के छपरा की बेटी और अभिनेत्री ऋषिका सिंह चंदेल अब बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का दम दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. टीवी की दुनिया में ‘नई सोच’ की दामिनी के किरदार से पहचान बनाने वाली ऋषिका सिंह चंदेल की आगामी हिंदी फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ बनकर तैयार हो चुकी है. 7 अगस्त को फिल्म का पोस्टर और टीज़र लॉन्च किया गया. जिसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है. फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ में ऋषिका सिंह चंदेल लीड एक्ट्रेस की भूमिका में नजर आएगी. बिहार से निकलकर मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली ऋषिका के लिए यह फिल्म उनके अभिनय सफर का एक अहम पड़ाव है.
टीवी की ‘दामिनी’ से बनाई खास पहचान
ऋषिका सिंह चंदेल छपरा शहर के दहियावां की रहने वाली है, जिसने टेलीविजन की दुनिया में कई शोज में काम किया है. चर्चित शो ‘नई सोच’ में उन्होंने लीड अभिनेत्री ‘दामिनी’ का किरदार निभाया, जिसने उन्हें दर्शकों के बीच पहचान दिलाई. वहीं ‘लव पंती’ में ऋषिका ने ‘सरिता’ की नेगेटिव भूमिका निभाकर अपने अभिनय का एक अलग रंग दर्शकों के सामने पेश किया. टीवी की ‘दमिनी’ से लेकर ‘सरिता’ जैसे नेगेटिव किरदार तक, ऋषिका ने अलग-अलग भूमिकाओं में अपनी अभिनय क्षमता दिखाई है. अभिनय के साथ-साथ ऋषिका सिंह चंदेल विज्ञापन जगत में भी काम कर चुकी हैं. वह Bank of Baroda और Tata Capital जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के कमर्शियल विज्ञापनों में नजर आ चुकी हैं.
शक्ति कपूर, मिमोह चक्रवर्ती और विशाल त्रिपाठी जैसे कलाकारों के साथ फिल्म
‘पब्लिक का हीरो’ का निर्माण शारदा त्रिपाठी द्वारा किया गया है. फिल्म में मिमोह चक्रवर्ती, विशाल त्रिपाठी और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर समेत कई कलाकार नजर आएंगे. फिल्म पूरी तरह बनकर तैयार है और 7 अगस्त को इसके पोस्टर और टीज़र लॉन्च किए जा चुके हैं. अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार है.


