CHHAPRA DESK – छपरा सदर अस्पताल में एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां एक्स-रे विभाग के समीप एक नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया. हैरानी की बात यह है कि नवजात का शव बीती रात से ही वहां पड़ा रहा, लेकिन सुबह करीब 10 बजे तक अस्पताल प्रशासन की नजर उस पर नहीं पड़ी. जानकारी के अनुसार, सुबह जब एक्स-रे विभाग में मरीजों की भीड़ बढ़ी, तब एक मरीज की नजर नवजात के शव पर पड़ी. इसके बाद इस मामले की जानकारी अस्पताल प्रबंधक को दी गई. सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इतने बड़े अस्पताल परिसर में रातभर एक नवजात का शव पड़ा रहना और किसी कर्मचारी या सुरक्षा गार्ड की नजर न पड़ना, व्यवस्था की पोल खोलने के लिए काफी है.

हालांकि सुबह मे सफाई कर्मियों के द्वारा कैम्पस क़ो साफ भी किया जाता है लेकिन सफाई कर्मियों की भी नजर उन पर नहीं पड़ी. वही घटना की सूचना मिलने पर भगवान बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वहीं नवजात का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड के नेतृत्व में कराया गया. इस संबंध में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ केएम दुबे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह सामने आया है कि एक कुत्ता नवजात के शव को अस्पताल परिसर में लेकर आया था. हालांकि यह सवाल अभी भी बना हुआ है कि आखिर नवजात का शव कहां से आया और अस्पताल परिसर तक कैसे पहुंचा. वही इस घटना ने न सिर्फ अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को भी झकझोर दिया है.
